हड़प्पा सभ्यता के शहरों में लोगों को उपलब्ध भोजन सामग्री की सूची बनाइए। इन वस्तुओं को उपलब्ध करने वाले समूहों की पहचान कीजिए।
हड़प्पा सभ्यता के शहरों में उपलब्ध भोजन सामग्री
1. माँस-मछली– हड़प्पावासी भोजन में माँस, मछली का भी प्रयोग करते थे। ये लोग गाय, भेड़, बकरी, भैंस, सुअर, घड़ियाल, कछुए, हिरन आदि पशुओं के माँस का प्रयोग करते थे। इसका प्रमाण यह है कि खुदाई में इनकी हड्डियों के भंडार मिले हैं। मोहनजोदड़ो के टीलों से गो जाति के पशुओं की हड्डियों के भंडार मिले हैं। यहाँ के निवासी मछली का भी माँस खाते थे। इनको उपलब्ध कराने वाला समूह आखेटक (शिकारी) होता था।
2. दूध, दही, मक्खन, तरकारियाँ– हड़प्पा के लोगों के भोजन में दूध, दही, मक्खन का भी महत्वपूर्ण स्थान है। इनको उपलब्ध कराने वाला समूह पशुपालकों का होता था और तरकारियाँ उपलब्ध कराने वाला समूह कृषक होता था।
3. गेहूँ, जौ, चना, बाजरा, दाल आदि- सिन्धुवासियों का मुख्य भोजन गेहूँ तथा जौ था। इसके अलावा वे चना, बाजरा, तथा दालों का भी प्रयोग करते थे। मिठाई तथा रोटी बनाने के साँचे खुदाई में मिले हैं। अनाज कूटने की ओखली और आटा बनाने की पट्टियाँ भी प्राप्त हुई हैं। गेहूँ, जौ, चना, बाजरा, दाल आदि को उपलब्ध कराने वाला समूह कृषकों का होता था।
4. पेड़-पौधों से उपलब्ध उत्पाद– हड़प्पा सभ्यता में पेड़पौधों से प्राप्त उत्पादों का प्रयोग भोजन में करते थे। इनमें फल, फूल, पेड़ों के पत्ते, जड़ें आदि सम्मिलित थे। इन वस्तुओं को उपलब्ध कराने वाले समूह को संग्राहक कहा जाता था।